भिलाई स्टील प्लांट में कबाड़ चोरी के मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। बीजेपी विधायक रिकेश सेन लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। पुलिस ने अभी तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया है।
दुर्ग: भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से लोहा और कबाड़ की चोरी से जुड़े मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) करेगी। राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच को मंजूरी दी है। इस मामले की जानकारी भाजपा विधायक रिकेश सेन ने दी है। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने कहा कि राज्य सरकार ने इस संबंध में 25 सितंबर को ही अधिसूचना जारी कर दी थी।
रिकेश सेन ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘यह भिलाई के लोगों के लिए बड़ी बात है। जिन लोगों ने 40 साल तक भिलाई इस्पात संयंत्र को लूटा और राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी की, उन्हें अब सीबीआई जांच का सामना करना पड़ेगा।’’
गृहमंत्री का जताया आभार
रिकेश सेन के अनुसार, राज्य सरकार ने ‘भारतीय न्याय संहिता’ की विभिन्न धाराओं के तहत पुरानी भिलाई थाने में दर्ज मामले की जांच के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में ‘दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना’ के सदस्यों की शक्तियों और अधिकार क्षेत्र का विस्तार करने की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि वह स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) के मुख्य संयंत्र से लोहा और कबाड़ की कथित चोरी का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार जताया।उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा कहता था कि मेरी कोशिशें बेकार नहीं जाएंगी और सीबीआई आएगी। इस मुद्दे पर संज्ञान लेने का सबसे बड़ा श्रेय अमित शाह को जाता है, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने यह तय किया कि राष्ट्रीय संपत्ति लूटने वालों पर कार्रवाई होगी।’’